भोपाल। मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल में मीडिया से बात करते हुए कहा कि, देवास शराब कांड में पुलिस विवेचना के बाद मामले से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। जिसमें कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के पुत्र अमन कासलीवाल का इस कांड से सीधा जुड़ाव सामने आया है। मुख्य आरोपी अज्जू राठौर और उसके साथी गोविंद के साथ अमन कासलीवाल की संलिप्तता जांच में सामने आई है। इन आरोपियों ने स्पष्ट रूप से अमन कासलीवाल से ही थिनर का ड्रम खरीदा था। यह बात हम नहीं कह रहे, बल्कि जांच में सामने आई है और आरोपी ने इसे स्वीकार भी किया है। अमन कासलीवाल और कासलीवाल परिवार का पहले भी शराब के सेवन, शराब बनाने और शराब से जुड़े अन्य मामलों में संबंध होने की बात सामने आती रही है। इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। आनंद कासलीवाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के बेहद करीबी बताए जाते हैं। अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को जवाब देना चाहिए कि उनके करीबी के परिवार का नाम इतने गंभीर मामले में सामने आने के बाद पार्टी क्या कार्रवाई करेगी? आनंद कासलीवाल के पुत्र अमन कासलीवाल ने कथित तौर पर पूरा रैकेट तैयार किया था और वह स्वयं उसका सरगना था। कांग्रेस को बताना चाहिए कि इस पूरे रैकेट में किसकी क्या भूमिका थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे? अब यह स्पष्ट करने की आवश्यकता है कि देवास कांड हो या अन्य स्थानों पर नकली और शराब से जुड़े मामले, इनमें कांग्रेस नेताओं की क्या भूमिका रही है। इन सभी मामलों में संभावित संलिप्तता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस पूरे कांड के कारण जिन लोगों को प्रताड़ना झेलनी पड़ी है, उनकी स्थिति के लिए केवल और केवल कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। कांग्रेस को पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी जवाबदेही स्पष्ट करनी चाहिए। मामला सामने आए 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कांग्रेस ने अब तक आनंद कासलीवाल या अमन कासलीवाल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। आज भी आनंद कासलीवाल कांग्रेस के प्रवक्ता हैं और जीतू पटवारी के साथ घूम रहे हैं। वे आज भी कांग्रेस की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व इस मामले पर चुप क्यों है? क्या आनंद कासलीवाल और अमन कासलीवाल ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) का खर्च उठाते थे? क्या इसी कारण वे कांग्रेस की आर्थिक व्यवस्थाओं में इतनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे? इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।