भोपाल। केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने हरदीप सिंह पुरी को नामांकन दाखिल करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नामांकन से पहले हरदीप सिंह पुरी भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया।
सीएम डॉ मोहन यादव बोले- पुरी का अनुभव मध्यप्रदेश के विकास को देगा नई गति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह प्रसन्नता और सौभाग्य का विषय है कि प्रदेश को हरदीप सिंह पुरी जैसे अनुभवी, वरिष्ठ और कुशल नेतृत्व का साथ मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार में मंत्री और कुशल प्रशासक के रूप में पुरी ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनका व्यापक प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता केंद्र सरकार के साथ-साथ मध्यप्रदेश के विकास के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को एक अनुभवी और वरिष्ठ नेता का सहयोग प्राप्त होगा। उन्होंने बाबा महाकाल से पुरी की निर्वाचन में सफलता की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि बीना रिफाइनरी और स्मार्ट सिटी मिशन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में पुरी का विशेष योगदान रहा है। उनके अनुभव और सहयोग से प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल, नारायण पंवार सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
करुणा धाम आश्रम में लिया आशीर्वाद, गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था
नामांकन कार्यक्रम के दौरान हरदीप सिंह पुरी ने करुणा धाम आश्रम पहुंचकर पीठाधीश्वर गुरुदेव सुदेश शांडिल्य महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वे अरेरा कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इन कार्यक्रमों में भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक भगवानदास सबनानी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)