देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, देहरादून शाखा द्वारा चकराता रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती एवं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, समर्पण और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में चिकित्सकों को विशेष स्थान प्राप्त है और वे अपनी संवेदनशील सेवा से मानवता की सबसे बड़ी सेवा करते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 62 लाख से अधिक कार्ड बनाए जा चुके हैं और लगभग 12 लाख मरीजों को ₹2300 करोड़ से अधिक का निःशुल्क उपचार मिल चुका है। प्रदेश में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने बताया कि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, वहीं हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान और किच्छा में एम्स का सेटेलाइट सेंटर निर्माणाधीन है। पर्वतीय क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाएं लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर सहित कई जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)