लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वृक्षारोपण महाभियान-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 12 जुलाई को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधों का वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ उत्सवपूर्ण वातावरण में आयोजित किया जाए। मुख्यमंत्री ने इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे एक जनांदोलन का रूप देने पर जोर दिया।

पूरी तैयारी, समन्वय और निगरानी पर जोर

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस महाअभियान को पूरी तैयारी, बेहतर समन्वय और जवाबदेही के साथ सफल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण स्थलों का पूर्व सत्यापन, गड्ढों की समय पर तैयारी, पर्याप्त पौधों की उपलब्धता और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार उपयुक्त प्रजातियों का चयन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सिंचाई व्यवस्था, जियो टैगिंग और नियमित अनुश्रवण की प्रभावी व्यवस्था पहले से की जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि वृक्षारोपण के दिन प्रत्येक एक घंटे के अंतराल पर प्रगति रिपोर्ट जारी की जाए, ताकि अभियान की पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे।