दो माह से मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने का आरोप, कलेक्टर के माध्यम से मिशन संचालक एनएचएम को भेजा ज्ञापन
बीसीएम हरिशंकर प्रजापति को पुनः बहाल करने की उठाई मांग
टीकमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा में पदस्थ आशा कार्यकर्ताओं ने बीसीएम (ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर) हरिशंकर प्रजापति की पुनः बहाली और जतारा में पदस्थापना की मांग को लेकर कलेक्टर के माध्यम से मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि हरिशंकर प्रजापति पूर्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा में बीसीएम के पद पर कार्यरत थे। करीब तीन-चार माह पूर्व उन्हें कथित शिकायत और जांच के बाद पद से पृथक कर दिया गया। आशा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनके हटने के बाद पिछले करीब दो माह से मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि के भुगतान में परेशानी आ रही है।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि हरिशंकर प्रजापति के कार्यकाल में उनका मानदेय समय पर मिल जाता था और उन्हें भुगतान सहित अन्य कार्यों में किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि प्रजापति अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।
ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गलत जानकारी के आधार पर हरिशंकर प्रजापति के खिलाफ जांच कराई गई, जबकि उनके अनुसार आरोप निराधार हैं। उन्होंने मिशन संचालक और जिला प्रशासन से मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए हरिशंकर प्रजापति को पुनः बहाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा में पदस्थ करने की मांग की है।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीसीएम की अनुपस्थिति के कारण उनके मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि के भुगतान में आ रही समस्या का जल्द निराकरण किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके।
Continue With Google
Comments (0)