पत्रकार पर हमला-लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं, जम्प ने जताया आक्रोश
एसपी के नाम एएसपी को सौंपा ज्ञापन, बोले- पत्रकारों को धमकाने वालों पर हो सख्त कार्रवाई; एएसपी ने कोतवाली पुलिस को दिए गिरफ्तारी के निर्देश
टीकमगढ़। पत्रकारों के साथ मारपीट, लूट और धमकियों के मामलों में पुलिस कार्रवाई की गति पर सवाल उठाते हुए मंगलवार को जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (जम्प) संगठन ने पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने साफ शब्दों में कहा कि यदि पत्रकारों पर हमला करने और उन्हें दबाव में लेकर समझौता कराने की कोशिश करने वालों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे अपराधियों के हौसले बढ़ेंगे और पत्रकारों में असुरक्षा की भावना पैदा होगी।
लोकेन्द्र परमार मामले में गिरफ्तारी न होने का आरोप
ज्ञापन में पत्रकार साथी लोकेन्द्र सिंह परमार के साथ हुई मारपीट, लूट और धमकी के मामले को प्रमुखता से उठाया गया। संगठन के अनुसार, इस मामले में ऋषि जड़िया, शिवम जड़िया, साहिल हरदसानी आदि के खिलाफ शहर कोतवाली में एफआईआर क्रमांक 471 (दिनांक 03 अगस्त 2026) दर्ज की गई थी। आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जबकि पीड़ित पत्रकार और उनके परिजनों पर लगातार राजीनामा करने के लिए दबाव और धमकी दी जा रही है।
शेख हनीफ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
ज्ञापन में पत्रकार शेख हनीफ (निवासी बम्हौरी कलां) के मामले को भी उठाया गया। आरोप है कि अंकुश अहिरवार द्वारा उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज की गई। पूर्व में अंकुश अहिरवार द्वारा कथित चिटफंड कंपनी में राशि जमा कराने को लेकर विवाद सामने आया था। शिकायत के बाद अब सोशल मीडिया के जरिए पत्रकार को झूठे प्रकरण में फंसाने की साजिश रची जा रही है। संगठन ने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
एएसपी ने दिए निर्देश
ज्ञापन लेने के बाद एएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि शहर कोतवाली थाना प्रभारी को लूट के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही दूसरे मामले में कथित चिटफंड एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्रकारों को दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं: अभय मौर्य
जम्प के जिलाध्यक्ष अभय मौर्य ने कहा कि पत्रकारों को डराकर या दबाव बनाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने पर मजबूर होगा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अभय मौर्य, सत्तार खान बाबा, पुष्पेंद्र सिंह, समीर खान, अनुराग दीक्षित, जमील खान, विकास राय, शेख हनीफ, मोहसिन अहमद, उवेश खान, सोनू विश्वकर्मा, पुष्पेंद्र द्विवेदी सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
Continue With Google
Comments (0)