प्रसिद्ध उद्योगपति अनंत अंबानी गुरुवार शाम को खजुराहो पहुंचे, जहां उनका आगमन चर्चा का विषय बना रहा। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद वे सीधे छतरपुर जिले स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम के लिए रवाना हो गए। धाम पहुंचते ही बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें मुद्गर, बलजीबी रुद्राक्ष की माला और अंग वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एक दिलचस्प और भावुक दृश्य भी देखने को मिला। फोटो सेशन के दौरान अनंत अंबानी ने आदरपूर्वक पंडित धीरेंद्र शास्त्री का हाथ पकड़कर उन्हें अपने पास खींच लिया और मुस्कुराते हुए कहा, “आप बोले आना है, तो मैं आ गया।” इस संवाद ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और अनुयायियों का ध्यान आकर्षित किया और दोनों के बीच की आत्मीयता को दर्शाया।

महाआरती, यज्ञ और कन्या पूजन में लिया हिस्सा

बागेश्वर धाम में प्रवास के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अनंत अंबानी को बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार के दर्शन कराए। साथ ही उन्हें धाम की आध्यात्मिक परंपराओं और सन्यासी बाबा की महिमा के बारे में विस्तार से बताया। दर्शन के उपरांत दोनों ने मिलकर श्री बागेश्वर बालाजी भगवान की महाआरती की और देश, धर्म एवं जनकल्याण की कामना की।

आरती के बाद वे धाम स्थित यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चल रहे यज्ञ में उन्होंने आहुतियां अर्पित कीं। इसके पश्चात अनंत अंबानी ने विधिवत 11 कन्याओं का पूजन कर उन्हें दक्षिणा भेंट की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनसे भी शुभाशीष लिया।

उल्लेखनीय है कि अनंत अंबानी और पंडित धीरेंद्र शास्त्री के बीच पहले से ही गहरा संबंध रहा है। दोनों की पूर्व मुलाकातों की तस्वीरें भी सामने आती रही हैं। अनंत अंबानी बागेश्वर धाम की ‘अन्नपूर्णा रसोई’ से भी जुड़े हुए हैं, जहां वे समय-समय पर सहयोग प्रदान करते हैं। यह रसोई 24 घंटे संचालित होती है और हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराती है।