भोपाल, नवोदय विद्यालय समिति, भोपाल संभाग द्वारा विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म खरीद से संबंधित निविदा प्रक्रिया एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूनिफॉर्म आपूर्ति के लिए जारी की गई बिड को लंबे इंतजार के बाद 20 अगस्त को खोल दिया गया है । बताया जा रहा है कि इस बिड को नियमानुसार 2 जुलाई को खोला जाना था लेकिन विभिन्न स्तरों पर उठे सवालों और NEWS LOCHA में प्रकाशन के बाद आखिर बिड खोली गई।

सूत्रों के अनुसार, निविदा में भाग लेने वाली सभी फर्मों की तकनीकी बिडों को प्रारंभिक स्तर पर निरस्त कर दिया गया है। जेम (GeM) पोर्टल के प्रावधानों के अनुसार संबंधित फर्मों को अपना पक्ष रखने एवं प्रतिनिधित्व (Representation) प्रस्तुत करने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है। इसके बाद प्राप्त अभ्यावेदनों की जांच क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल द्वारा की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कुछ ऐसी फर्में भी प्रभावित हुई हैं जिनकी यूनिफॉर्म आपूर्ति संबंधी निविदाएं अन्य क्षेत्रीय कार्यालयों में स्वीकृत हो चुकी हैं। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि अलग-अलग क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा निविदा की शर्तों में अंतर होने के कारण तकनीकी मूल्यांकन के परिणाम भी भिन्न हो सकते हैं। ऐसे में अंतिम निर्णय जांच और प्रस्तुत अभ्यावेदनों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फर्मों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले अभ्यावेदनों की समीक्षा के उपरांत यदि कोई फर्म निविदा शर्तों के अनुरूप पाई जाती है तो उसके संबंध में आगे कार्यवाही की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया पर अब सभी प्रतिभागी फर्मों और विद्यालयों की निगाहें टिकी हुई हैं।

उल्लेखनीय है कि जवाहर नवोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों को सामान्यतः अप्रैल माह में यूनिफॉर्म वितरित कर दी जाती थी, लेकिन इस वर्ष खरीद प्रक्रिया क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से संचालित किए जाने के कारण लगभग चार माह की देरी हो चुकी है। अगस्त माह समाप्ति की ओर होने के बावजूद विद्यालयों के विद्यार्थियों को अभी तक नई यूनिफॉर्म प्राप्त नहीं हो सकी है। इससे अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में भी प्रतीक्षा की स्थिति बनी हुई है।

अब सभी की नजरें अगले दो दिनों में आने वाले प्रतिनिधित्वों और उन पर क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल द्वारा लिए जाने वाले निर्णय पर टिकी हैं, जिससे यूनिफॉर्म वितरण का मार्ग प्रशस्त हो सके।