केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा- कांग्रेस हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने के बजाय आत्मचिंतन करे, सीएम मोहन यादव बोले- न्यायपालिका के फैसलों का कांग्रेस ने किया अपमान

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ संकल्प के साथ विशाल पदयात्रा निकाली। अटल पथ पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता रही। नेताओं ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने और चुनावी हार के बाद लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को ईवीएम की चिंता छोड़कर आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन सुनियोजित तरीके से संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। नड्डा ने कहा कि भारत को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है और यहां के लोगों की रगों में प्रजातंत्र दौड़ता है। ऐसे में लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर देश को अस्थिर करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की 140 करोड़ जनता के दिलों में बसते हैं। उन्होंने कांग्रेस को चुनावों में हार की समीक्षा करने और जनता के बीच अपना विश्वास मजबूत करने की सलाह दी। उनके मुताबिक, चुनाव में जीत मिलने पर कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया को सही मानती है, जबकि हार मिलने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा की बात करती है, लेकिन आपातकाल के दौरान उसी ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया था।

सीएम मोहन यादव बोले- कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की आड़ में चमका रही अपनी राजनीति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब-जब कांग्रेस को सत्ता नहीं मिलती, तब-तब वह देश को अस्थिर करने का प्रयास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता निर्वाचन आयोग और सर्वोच्च न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ निर्णय दिए, कांग्रेस ने न्यायपालिका पर सवाल उठाकर उसका अपमान किया। उन्होंने आपातकाल को न्यायपालिका और लोकतांत्रिक अधिकारों के अपमान का बड़ा उदाहरण बताया। डॉ. यादव ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके आरोपों को समझती है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए विकास के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की कथित नकारात्मक राजनीति को जनता के सामने रखेंगे। भोपाल के बाद प्रदेश के अन्य जिलों में भी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी, ताकि लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाता सूची के पुनरीक्षण के विषय में जागरूक किया जा सके।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का समर्थन करते हुए कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि भाजपा के लिए संविधान राष्ट्रीय ग्रंथ है। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।

पदयात्रा के माध्यम से भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांवों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बारे में जानकारी देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।