दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने चुनावी कमान संभालते हुए कार्यकर्ताओं की विशाल बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि "भाजपा हमारी मां है। मां ने हमें सम्मान, पहचान और अवसर दिया है। अब मां के दूध का कर्ज चुकाने का समय है। हर कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाए।"

बैठक के दौरान डॉ. मिश्रा भावुक भी दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता और कार्यकर्ताओं से उनका रिश्ता राजनीति का नहीं, परिवार का है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके आंसुओं का बदला भाजपा से लेने की बात कर रहे हैं, जबकि यदि किसी से शिकायत है तो उसका गुस्सा पार्टी पर निकालना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि "यह चुनाव केवल आशुतोष तिवारी का नहीं, भारतीय जनता पार्टी का चुनाव है।"

कार्यकर्ताओं पर हाल ही में हुई प्रशासनिक कार्रवाई का जिक्र करते हुए पूर्व गृह मंत्री ने पुलिस-प्रशासन पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने मंच से कहा कि "किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि मेरे कार्यकर्ताओं का नुकसान कर दे। यदि किसी निर्दोष कार्यकर्ता पर कार्रवाई हुई तो मैं उसके साथ खड़ा रहूंगा, चाहे जेल ही क्यों न जाना पड़े।"

डॉ. मिश्रा ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भाजपा कार्यालय पर आंसू गैस के गोले दागे गए और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि उसके वीडियो उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि निर्दोष कार्यकर्ताओं पर झूठे प्रकरण दर्ज करना और उन्हें प्रताड़ित करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को संबोधित करते हुए कहा कि वे घटनाओं को भूलने वालों में नहीं हैं और समय आने पर हर बात का जवाब देंगे।

अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को पीतांबरा माई की शपथ दिलाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान सुनिश्चित कराने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासनिक कार्रवाई से किसी भी कार्यकर्ता को परेशानी हुई है तो वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, "माई साक्षी हैं, जब तक हमारे तन में प्राण हैं, आप सभी के सम्मान पर किसी भी प्रकार की आंच नहीं आने देंगे।"

बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भाजपा की विजय का संकल्प लेते हुए पूरे उत्साह के साथ चुनाव अभियान में जुटने का भरोसा दिलाया।