भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित स्मरण पक्ष के तहत जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में तीनों नेताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, उनके योगदान और वर्तमान सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी दूरदर्शी नेता थे, जिनकी सूझबूझ के कारण आज पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के बाद पाकिस्तान की ओर से पूर्वी पाकिस्तान तक गलियारा बनाने की कोशिशों का डॉ. मुखर्जी ने कड़ा विरोध किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आज भारत जिस औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसकी नींव डॉ. मुखर्जी की औद्योगिक सोच में निहित थी। शिक्षा को भारतीय भाषाओं और रोजगार से जोड़ने का उनका दृष्टिकोण भी आज नई शिक्षा नीति में दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी का सपना साकार किया गया। उन्होंने कहा कि देश आज आर्थिक, सामरिक और औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत 90 से अधिक देशों को रक्षा उत्पाद निर्यात कर रहा है और मध्यप्रदेश भी रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश को 86 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं तथा भोपाल में भारत मंडपम की तर्ज पर भव्य कन्वेंशन सेंटर का निर्माण होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय भारत के लिए स्वर्णिम काल है और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य उनके राष्ट्रवादी विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए बूथ केवल मतदान केंद्र नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की इकाई है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन, विचारधारा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अंत्योदय की भावना को मजबूत करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन का संचालन जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने किया तथा आभार राजकुमार विश्वकर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)